Betul News Today : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में एक दर्जन सड़कों का निर्माण होगा। इसके साथ ही 2 पुलों का निर्माण भी किया जाएगा। इन सड़कों और पुलों के लिए आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे और घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा बाई उईके के द्वारा 62.65 करोड़ से अधिक की राशि मंजूर कराई गई है।
आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के प्रयासों से भाजपा बगडोना मंडल क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए शासकीय स्वीकृति मिल गई है। इस सौगात से जहां ग्रामीण क्षेत्र का विकास होगा, वहीं श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को आवागमन में आने वाली कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी। स्वीकृति प्राप्त सड़कों में केरिया से भोपाली 2 किलोमीटर, छुरी से मयावनी 2.4 किलोमीटर, माथनी से डुलारा 3 किलोमीटर और जाजबोडी से डुलारा 2 किलोमीटर मार्ग शामिल हैं।
स्वीकृत सड़कों का 16 करोड़ 29 लाख की लागत से निर्माण किया जाएगा। इन सड़कों का निर्माण लंबे समय से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की प्राथमिक मांग रही है। खासकर छोटा महादेव भोपाली मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को खस्ताहाल सड़कों की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इन सड़कों के निर्माण से भोपाली मंदिर में सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित होगी।
पूरे आमला विधानसभा क्षेत्र के लिए मिले 57 करोड़ रूपये
दूसरी ओर पूरे आमला विधानसभा क्षेत्र के लिए विधायक डॉ. पंडाग्रे के विशेष प्रयासों से प्रथम अनुपूरक बजट में 57 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इनमें 13 सड़क तथा पुल निर्माण के कार्य शामिल हैं। इससे आमला विधानसभा के करीब एक दर्जन से अधिक गांव पक्की सड़क से जुड़ सकेंगे। सड़क के लिए राशि स्वीकृत करने पर डॉ पंडाग्रे ने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया है।
आमला विस के इन गांवों में बनेगी सड़कें
विधानसभा में 57 करोड़ रुपए सड़क निर्माण पर खर्च होंगे। इनमें जंबाड़ा-कोंडर खापा से समरतढाना मार्ग 1 किमी, जिसमें पर 111.54 लाख की राशि खर्च की जाएगी। इसी तरह जंबाडा में नागदेव मंदिर से भोपलवाड़ी होते हुए बोरगांव मार्ग का निर्माण किया जाएगा, इसकी दूरी करीब 5.15 किमी होगी। इस मार्ग पर 633.34 लाख की राशि खर्च होगी। ससाबड़ से बल्लाचाल तक 2.5 किमी मार्ग बनेगा। इसकी लागत 351.25 होगी। इसी तरह खेड़ली बाजार से बारछी 613.3 किमी राशि 613.73 लाख, बामला से सुनारगोंदी होते हरन्या टांडी तक, 393.3 लाख नाहिया से अंधारिया होते नांदपुर तक 7.25 किमी, राशि 857.05 लाख, मंडई जोड़ से बोरदेही मुलताई मुख्य मार्ग 3.5 किमी, 611.88 लाख अंबाड़ा से एनएच 47 तक 1.60 किमी, 196.69 लाख केरिया से भोपाली वन ग्राम के अंबामाई तक 2 किमी, 483.85 लाख की राशि डुल्हारा से माथनी तक 3 किमी, 535.58 जाजबोड़ी से डुल्हारा तक 2 किमी, 304.1 लाख छुरी से मयावानी तक 2.4 किमी पर खर्च किए जाएंगे।
विधायक बोले- वादा पूरा करना गर्व की बात
विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्रीय जनता से किया गया वादा पूरा करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सड़कों की स्वीकृति नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को जल्द इसका लाभ मिलेगा।
घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र में 46 करोड़ 36 लाख 65 हजार से होगा सड़कों और पुलों का निर्माण
घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा बाई उईके के अथक प्रयासों से घोड़ाडोंगरी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में 8 सड़कों और 2 पुल निर्माण को अनुपूरक बजट में मिली स्वीकृति है। विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में 46 करोड़ 36 लाख 65 हजार की लागत से स्वीकृत सड़क और पुल निर्माण का कार्य किया जाएगा। इस निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र का विकास होगा, वहीं स्थानीय निवासियों को आवागमन में आने वाली कठिनाइयों से भी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके की बड़ी सफलता बताया। ग्रामीणों ने कहा कि यह स्वीकृति गांवों को मुख्यधारा से जोड़ने और विकास की नई राह खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इन सड़कों को दिलाई विधायक ने मंजूरी
जानकारी के अनुसार घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चिखल्दा खुर्द शाहपुर से ग्राम पंचायत कुण्डी के ग्राम कुसमरी तवा घाट 3 किलोमीटर पहुंच मार्ग का 345.00 लाख की लागत से निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार ग्राम गोपालपुर में दिनेश के घर से ग्राम इमलीखेडा 7 किलोमीटर मार्ग का 945.00 लाख, ग्राम चांदढाना से मलाजपुर 5 किलोमीटर मार्ग का 675.00 लाख, पीपलबर्रा बरजोरपुर 3 किलोमीटर 405.00 लाख, कोयलारी वीरगुवाडी 2.60 किलोमीटर मार्ग का 351.00 लाख, कछार कोयलारी 3 किलोमीटर मार्ग का 405.00लाख तथा ग्राम केसिया डोलियाढाना पाढर मेन रोड 3.20 किलोमीटर मार्ग का 432.00 लाख की लागत से निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा ढोढरामउ से भीमपुरा में मोरन नदी पर 384.75 लाख एवं ग्राम टांगना से बीजादेही मार्ग मोरन नदी पर 356.40 लाख की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा।