Betul Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना बैतूल कोतवाली थाना की खेड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र में आने वाले बेहड़ाढाना घाट की है। यहां ट्रैक्टर अचानक बेकाबू होकर पलट गया। इससे ट्रैक्टर चला रहा युवक उसके नीचे दब गया। स्टीयरिंग में फंसने से वह निकल नहीं पाया और उसने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोल्हूढाना निवासी संतोष खेती का काम करता है। वह शनिवार शाम को ट्रैक्टर में प्लाऊ लगाकर बेहड़ाढाना से अपने घर कोल्हूढाना जा रहा था। इस बीच घाट पर से उतरते समय उसका ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान संतोष ट्रैक्टर से कूद नहीं पाया और वह ट्रैक्टर के नीचे दब गया। वह स्टीयरिंग में बुरी तरह से फंस गया था। इससे निकल भी नहीं पाया।
जल्द होता रेस्क्यू तो बच सकता था
बताया जा रहा है कि मृतक संतोष घंटों तक स्टीयरिंग में फंसा रहा। शाम हो जाने से ग्रामीणों को काफी देरी से घटना की जानकारी मिल पाई। इसके बाद रात को ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू किया। हालांकि तब तक संतोष की जान जा चुकी थी। आज सुबह उसका पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।