Betul Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मंगलवार की रात एक भीषण हादसा हो गया। यहां सड़क किनारे खड़ी गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में एक बाइक से आ रहे 2 युवक घुस गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई वहीं दूसरे को चोटें आई हैं। हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लावन्या जोड़ के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लावन्या जोड़ के पास गन्ने से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। वहीं ट्रैक्टर चालक रोड पर खड़ा होकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी बीच बेहड़ीढाना (घोड़ाडोंगरी) निवासी पिंटू पिता टेटू सलाम (20 वर्ष) और संतराम पिता मिस्त्री परते (25 वर्ष) वहां से गुजर रहे थे। बाइक पिंटू चला रहा था। यह दोनों मर्दवानी से इमलीढाना जा रहे थे।
बताया जाता है कि ट्रैक्टर ड्राइवर को बचाने के प्रयास में बाइक चालक पिंटू ने बाइक से नियंत्रण खो दिया और बाइक गन्ने से भरी ट्रॉली में जाकर घुस गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए। हादसे की सूचना 108 एंबुलेंस को दी गई।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां अस्पताल पहुंचते ही बाइक चालक पिंटू की मौत हो गई। वहीं संतराम को मामूली चोटें आई हैं, जिसका इलाज किया गया। सूचना पर पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसा करीब 8 बजे हुआ।