Dhan kharidi MP: मध्यप्रदेश में धान खरीदी का कार्य पूरा हो चुका है। किसानों से धान तो खरीद ली गई, लेकिन अभी भी कई किसानों को भुगतान प्राप्त नहीं हो सका है। धान उपज की राशि नहीं मिलने से किसान दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। उनकी राशि कब तक मिलेगी, इसकी कोई ठोस जानकारी भी अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं। इससे किसान परेशान हैं। उन्होंने जल्द राशि का भुगतान किये जाने की मांग की है।
बैतूल जिले में 45545 मीट्रिक टन धान की उपज समर्थन मूल्य पर खरीदी गई है। इस उपज का किसानों को 109.33 करोड़ का भुगतान होना है। इसमें से अभी तक महज 71.12 करोड़ का भुगतान ही हो सका है। वहीं 38 करोड़ का भुगतान अभी भी अटका है। कई किसानों को उपज की राशि नहीं मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी से धान खरीदी का काम बंद हो गया है, लेकिन अब तक कई किसान भुगतान से वंचित है। (Dhan kharidi MP)
राष्ट्रीय उपभोक्ता संघ ने की खरीदी (Dhan kharidi MP)
इस वर्ष भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता संघ ने समर्थन मूल्य में धान की खरीदी की है। किसान समितियों और अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटने के लिए मजबूर हैं। किसानों को उपज का भुगतान कब तक हो जाएगा, इसकी अधिकारी भी कुछ पुष्टि नहीं कर पा रहे है। अधिकारियों का कहना है कि इस बार धान खरीदी का काम भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता संघ ने किया है। संघ के अधिकारी ही भुगतान के संबंध में कुछ स्पष्ट जानकारी दे पाएंगे।
राशि के लिए परेशान हो रहे किसान (Dhan kharidi MP)
धान बेचने वाले सैकड़ों किसानों का भुगतान नहीं होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसी के यहां विवाह तो किसी किसान को अन्य कोई जरूरी काम है, लेकिन राशि नहीं मिलने से काम अटके पड़े हैं। किसानों का कहना है कि सरकार एक सप्ताह के भीतर धान खरीदी की राशि देने का दावा करती है, लेकिन किसानों को समय पर राशि का भुगतान नहीं हो पाता। यहीं कारण है कि किसान समर्थन मूल्य में उपज बेचने के लिए दिलचस्पी नहीं दिखाते हैं।
इसलिए मंडी में बेचना रहता बेहतर (Dhan kharidi MP)
किसानों का कहना है कि समर्थन मूल्य में धान बेचना ही उनके लिए परेशानी का कारण बन गया हैं। मंडी में नगद भुगतान किया जाता है और समर्थन मूल्य में किसानों को राशि पाने के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। इस बारे में जिला आपूर्ति अधिकारी बैतूल केके टेकाम का कहना है कि 109 करोड़ में से 71 करोड़ रूपए का भुगतान हुआ है। शेष भुगतान भी किसानों को जल्द होने की संभावना है।
देश-दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | Trending खबरों के लिए जुड़े रहे betulupdate.in से| आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए सर्च करें betulupdate.in