kisanon par dhanvarsha: एमपी में किसानों को अतिरिक्त मिलेंगे 1888 करोड़ रुपए, बालाघाट सम्मलेन में सीएम का बड़ा ऐलान

By
On:

kisanon par dhanvarsha: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज बालाघाट के किसान सम्मेलन में किसानों को अभूतपूर्व सौगात देते हुए कहा कि अब प्रदेश में धान उत्पादक किसानों को 4 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त लाभ दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि गेहूँ उत्पादक किसानों को भी प्रति क्विंटल 175 रूपये अतिरिक्त बोनस राशि दी जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मूल्य संवर्धन योजना (प्राइस सपोर्ट स्कीम) अंतर्गत वर्ष 2024 में 6.69 लाख किसानों द्वारा 12.2 लाख हेक्टेयर रकबे में उत्पादित धान का विक्रय किया गया है।

धान उत्पादक किसानों को मुख्यमंत्री कृषक प्रोन्नति योजना में प्रति हेक्टेयर 4000 रूपये का लाभ मिलेगा। इससे प्रदेश के किसानों को 488 करोड़ रूपये का अतिरिक्त लाभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गेहूँ उत्पादक किसानों को भी समर्थन मूल्य 2425 रूपये के अतिरिक्त 175 रूपये प्रति क्विंटल की बोनस राशि दी जायेगी। इस प्रकार गेहूँ के उपार्जन पर प्रति क्विंटल 2600 रूपये की राशि मिलेगी। इस वर्ष प्रदेश में 80 लाख मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जन अनुमानित है। प्रदेश के किसानों को 175 रूपये प्रति क्विंटल बोनस के रूप में मिलने से लगभग 1400 करोड़ रूपये की अतिरिक्त राशि का लाभ होगा।

आने वाले 5 वर्षों में 2 लाख 70 हजार को रोजगार

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पबद्ध होकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख सरकारी पदों पर भर्ती की जा रही है। आने वाले 5 वर्षों में 2 लाख 70 हजार पदों पर विभिन्न सेक्टर में रोजगार उपलब्ध कराए जाएंगे। हमारी सरकार वर्ष 2028 तक सरकार 70 प्रतिशत युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता पूर्वक कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रदेश में चल रही योजनाएं यथावत चलती रहेगी। कोई भी योजना बंद नहीं होगी।

खिलाड़ियों को सौगात, एस्ट्रो टर्फ का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट के खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण सौगात देते हुए हॉकी के एस्ट्रो टर्फ का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर भी पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। पदक प्राप्त करने वाले मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का होना हमें गौरवान्वित करता है। उन्होंने उत्तराखंड में हुए राष्ट्रीय खेलों में मध्यप्रदेश के तीसरे स्थान पर रहने पर हार्दिक प्रसन्नता जताई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे प्रदेश के युवा जिस भी क्षेत्र में कार्य करना चाहते हैं, सरकार उन्हें आगे बढ़ने के समुचित अवसर प्रदान करेगी। सरकार प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने के लिए हर क्षेत्र में विकास करने के लिए तत्पर है।

आज हुए लोकार्पण और भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बालाघाट जिले में 326 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक की लागत के कुल 117 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 264 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 78 विकास कार्यों का लोकार्पण किया इनमें 145 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बालाघाट, बिरसा, वारासिवनी, मलाजखंड, लालबर्रा में सीएम राइज़ स्कूल, 53 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बालाघाट के बैहर, पसरवाडा खैरलांजी में विभिन्न स्कूलों का उन्नयन एवं छात्रावासों के निर्माण कार्य, 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न मार्गों और पुलों के निर्माण कार्य, 9 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से वारासिवनी-खंडवा मार्ग पर पुल एवं 7 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद हॉकी एस्ट्रो टर्फ का लोकार्पण किया। उन्होंने 5 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से बालाघाट के विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित किए गए आंगनबाड़ी केन्द्रों का भी लोकार्पण किया।

62 करोड़ रुपये के 39 विकास कार्यों का भूमि-पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 62 करोड़ रुपये की लागत से 39 विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया। इनमें 24 करोड़ की लागत से वारासिवनी में 50 बिस्तरीय स्वास्थ्य केन्द्र, 9 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से लामता में नवगठित तहसील कार्यालय, 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से खरपड़िया से शिवनहेटी कटंगी मार्ग पर पुल निर्माण, 3 करोड़ रुपये की लागत से सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूलों में विकास कार्यों, लगभग 2 करोड़ की लागत से कटंगझरी, लमता, डोंरिया, बेलगांव, साडरा में प्राथमिक शाला निर्माण का भूमि-पूजन किया।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Uttam Malviya

मैं इस न्यूज वेबसाइट का ऑनर और एडिटर हूं। वर्ष 2001 से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। सागर यूनिवर्सिटी से एमजेसी (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री प्राप्त की है। नवभारत भोपाल से अपने करियर की शुरुआत करने के बाद दैनिक जागरण भोपाल, राज एक्सप्रेस भोपाल, नईदुनिया और जागरण समूह के समाचार पत्र 'नवदुनिया' भोपाल में वर्षों तक सेवाएं दी। अब इस न्यूज वेबसाइट "Betul Update" का संचालन कर रहा हूं। मुझे उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए प्रतिष्ठित सरोजिनी नायडू पुरस्कार प्राप्त करने का सौभाग्य भी नवदुनिया समाचार पत्र में कार्यरत रहते हुए प्राप्त हो चुका है।

सुझाव,शिकायत के लिए हमसे संपर्क करे - betulupdate@gmail.com

अन्य खबरें

Leave a Comment