Betul Accident News: मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के शाहपुर और चिचोली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात्रि में 2 सड़क हादसे हो गए। इन हादसों में 2 लोगों की जान चली गई वहीं 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अलग-अलग घटनाओं में हादसों का शिकार हुए दोनों ही परिवार विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इनमें एक हादसा चिचोली थाना अंतर्गत गोदना जोड़ पर हुआ वहीं दूसरा हादसा शाहपुर थाना अंतर्गत भौंरा के पास हुआ।
पहला हादसा चिचोली के गोदना जोड़ पर
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोधना निवासी दिनेश यादव शुक्रवार शाम को अपनी पत्नी रूक्मिणी और 8 साल के बेटे के साथ एक शादी में शामिल होने के लिए बाइक से बोरी गांव जा रहे थे। इस दौरान गोदना जोड़ पर उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनके बेटे को भी चोट आई है।
एंबुलेंस ने पहुंचाया चिचोली अस्पताल
राहगीरों ने इसकी सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस द्वारा पहले उन्हें चिचोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उनकी हालत गंभीर होने से वहां से दोनों को जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। इस दौरान घायल रूक्मिणी की रास्ते में ही मृत्यु हो गई। दूसरी ओर दिनेश की हालत भी गंभीर है। उन्हें आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
दूसरा हादसा शाहपुर थानांतर्गत भौंरा के पास
दूसरा हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र में भौंरा क्षेत्र के पहलवान ढाबे के पास शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे हुआ। यहां भी अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पति की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गई। घायल पत्नी को 108 के माध्यम से सुखतवा अस्पताल भेजा गया है।
पति ने मौके पर ही तोड़ दिया दम
108 एम्बुलेंस के पायलट रूपेश पवार एवं ईएमटी आशीष नर्रे ने बताया कि भौंरा के पास पहलवान ढाबे के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उसरीढाना नीमपानी गांव निवासी राजेश यादव की मौके पर मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी शीला यादव गंभीर रूप से घायल हो गई।
सुखतवा से किया गया इटारसी रेफर
बताया जाता है कि महिला को पहले सुखतवा अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत में इटारसी रेफर किया गया है। बताते हैं कि बाइक सवार दंपत्ति उसरीढाना नीमपानी गांव से एक शादी में शामिल होने सुखतवा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यहां हादसा हो गयाा।